• Mon. Jun 2nd, 2025 9:54:08 AM

HSGMC : हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के प्रधान चुने गए झींडा

HSGMC

  •  30 सदस्यों ने किया समर्थन, हाथ खड़े कर सहमति जताई
  • गुरमीत सिंह मित्ता वरिष्ठ उपप्रधान और गुरबीर सिंह उपप्रधान बने

HSGMC : कुरुक्षेत्र। लंबे समय तक हरियाणा कमेटी की मुहिम की कमान संभालने वाले जगदीश सिंह झींडा को बहुमत के साथ हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी (एचएसजीएमसी) का प्रधान चुन लिया गया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में प्रोटेम चेयरमैन जोगा सिंह की देखरेख में संपन्न हुए चुनाव में 48 सदस्यों ने भाग लिया, जबकि बीबी जसबीर कौर मसाना इस चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं हुई। सबसे पहले हरियाणा कमेटी के मैंबर मेजर सिंह ने प्रधान पद के लिए जगदीश सिंह झींडा के नाम की घोषणा की। प्रोटेम चेयरमैन जोगा सिंह द्वारा प्रधान पद के लिए किसी ओर का नाम घोषित करने की बात कही, तो थानेसर से मैंबर हरमनप्रीत सिंह ने प्रकाश सिंह साहूवाल का नाम प्रधान पद के लिए घोषित किया। प्रधान पद के लिए दो नाम सामने आते ही इसके लिए वोटिंग की चर्चा होने लगी, मगर अधिकांश सदस्यों ने हाथ खड़े करवाने का प्रस्ताव रखा। हरियाणा कमेटी के नामजद मैंबर जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल समेत 30 मैंबरों ने जगदीश झींडा के समर्थन में हाथ खड़े करके अपनी सर्वसम्मति जता दी।

कार्यकारिणी भी घोषित

हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के नवनिर्वाचित प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने 11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति की घोषणा की। उन्होंने गुरमीत सिंह मीता को वरिष्ठ उप प्रधान, गुरबीर सिंह को उप प्रधान, अंग्रेज सिंह को महासचिव, बलविंदर सिंह को संयुकत सचिव चुना, जबकि कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में करनैल सिंह निमनाबाद, पलविंदर सिंह दरड़, कुलदीप सिंह मुलतानी, रूपिंदर सिंह पंजोखरा साहिब, जगतार सिंह मान व तजिंदरपाल सिंह नारनौल को चुना। इन पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के नाम की घोषणा होते ही दीवान हाल में शामिल 30 मैंबरों ने बोले सो निहाल सत्श्री अकाल की गूंज के साथ अपनी खुशी का इजहार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *