Haryana police force
- इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी रहे मौजूद
- सीएम सैनी बोल, 5,061 जवानों के साथ यह बैच अब तक का सबसे बड़ा
- सुरक्षा, सुशासन और संवेदनशीलता हरियाणा की नई पुलिसिंग संस्कृति
चंडीगढ़। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में सेक्टर-03 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में हरियाणा पुलिस के रिक्रूट बेसिक कोर्स (आरबीसी) बैच-93 की भव्य एवं ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर 5,061 नव-प्रशिक्षित कांस्टेबलों ने अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा की शपथ लेकर औपचारिक रूप से हरियाणा पुलिस में प्रवेश किया। प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत सुसंगठित परेड, ड्रिल और अनुशासन ने समारोह को अत्यंत प्रभावशाली बना दिया। सामूहिक रूप से शपथ लेने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा बैच माना जा सकता है।
पासिंग आउट परेड की सलामी ली
समारोह के मुख्य अतिथि अमित शाह, गृह एवं सहकारिता मंत्री, भारत सरकार, ने भव्य पासिंग आउट परेड की सलामी ली। उनकी प्रेरक उपस्थिति ने समारोह को विशिष्ट राष्ट्रीय पहचान प्रदान की तथा नव-प्रशिक्षित जवानों के उत्साह, आत्मविश्वास और सेवा-संकल्प को नई ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और महत्त्व और अधिक बढ़ गया। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को परेड का निरीक्षण करवाते हुए उन्हें बैच के प्रशिक्षण व अन्य गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। इस अवसर पर जवानों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक अरशिन्दर सिंह चावला द्वारा संपन्न करवाई गई।
जवानों को राष्ट्रसेवा के लिए नई प्रेरणा मिली
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह में पधारे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि उनके सान्निध्य से यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया है और इससे जवानों को राष्ट्रसेवा के लिए नई प्रेरणा मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन देशसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों का उत्सव है। यह अवसर न केवल नव-प्रशिक्षित जवानों के लिए, बल्कि उनके माता-पिता और प्रदेशवासियों के लिए भी गर्व का क्षण है। 5,061 जवानों के साथ यह देश का अब तक का सबसे बड़ा पुलिस दीक्षांत समारोह है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुदृढ़ आंतरिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री के कुशल नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा अभूतपूर्व रूप से मजबूत हुई है। आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक नीति, नक्सलवाद पर करारा प्रहार और सीमाओं की सशक्त सुरक्षा- ये सभी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम हैं।
सुरक्षा, सुशासन और संवेदनशीलता
“सुरक्षा, सुशासन और संवेदनशीलता” अब केवल नारा नहीं, बल्कि प्रशासनिक संस्कृति बन चुकी है। तकनीक, आधुनिक प्रशिक्षण और मानवीय दृष्टिकोण के समन्वय ने देश की कानून-व्यवस्था को नया मानक दिया है। अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस और नागरिकों के प्रति सम्मान हरियाणा पुलिस की पहचान बन रही है।
नए आपराधिक कानूनों और साइबर प्रशिक्षण पर विशेष बल
मुख्यमंत्री ने बताया कि नव-प्रशिक्षित जवानों को तीनों नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध अनुसंधान और साइबर सुरक्षा में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि इन नए कानूनों को अल्प समय में लागू करने में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।नशा-मुक्त हरियाणा अभियान में जवानों की भूमिका मुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध चल रहे राज्यव्यापी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज दीक्षांत लेने वाले 5,061 जवान नशे के खिलाफ इस अभियान के “ब्रांड एम्बेसडर” बनकर समाज में सकारात्मक संदेश देंगे।
वीरता की परंपरा और हरियाणा पुलिस की उपलब्धियां
हरियाणा की धरती वीरता और कर्तव्यपरायणता की परंपरा से समृद्ध है। यही कारण है कि हरियाणा पुलिस आज देश के अग्रणी पुलिस बलों में गिनी जाती है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्मरण कराया कि 14 फरवरी 2023 को करनाल में हरियाणा पुलिस को ‘राष्ट्रपति कलर’ से सम्मानित किया गया- जो बल की उत्कृष्ट सेवाओं का प्रतीक है।

