• Wed. Mar 11th, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

Pahalgam Attack : हिसार में रह रहा परिवार बोला, मरना मंजूर, लेकिन वापस पाक नहीं जाएंगे

Pahalgam Attack

  • पाक में इतनी महंगाई है कि गुजर-बसर होना भी मुश्किल
  • वीजा खत्म होने के बाद भी हिसार में रह रहा था परिवार
  • परिवार के सभी 15 सदस्यों दिल्ली पाक कैंप भेजा गया

Pahalgam Attack : हिसार। बालसमंद गांव में रह रहे पाकिस्तानी हिंदू परिवार को दिल्ली स्थित पाकिस्तानी कैंप भेजा गया है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इस परिवार में कुल 15 सदस्य हैं। परिवार पिछले 7 महीने से बालसमंद में रह रहा था। परिवार में 3 लड़कियां, 8 बच्चे, 3 महिलाएं और एक बुजुर्ग शामिल हैं। ये सभी पाकिस्तान के सिंध हैदराबाद से आए थे। परिवार एक अक्टूबर 2024 को वीजा समाप्त होने के बाद भी यहीं रह रहा था। परिवार एक निजी अस्पताल की जमीन पर बने कमरे में रह रहा था। सभी सदस्य खेतों में दिहाड़ी मजदूरी करके अपना गुजारा कर रहे थे। परिवार ने खुद को हिंदू बताया था।

वापस नहीं जाना चाहते

परिवार का कहना है कि वे पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहते। उनका आरोप है कि पाकिस्तान में उन्हें बहुत प्रताड़ित किया जाता है। पुलिस ने पूरे परिवार को बस में बिठाकर दिल्ली स्थित पाकिस्तानी कैंप में भेज दिया है। आगे की कार्रवाई दिल्ली से की जाएगी। बालसमंद में इस परिवार की मदद करने वाले शमशेर ने इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी। प्रशासन ने जब परिवार को लौटने को कहा तो शोभो ने हाथ जोड़कर कहा कि पाकिस्तान में महंगाई इतनी ज्यादा है कि वहां पर परिवार का रहना मुश्किल है। वहां खाने के लिए राशन नहीं है, महंगाई आसमान छू रही है। उसने कहा कि हम भारत में ही रहना चाहते हैं, मौत मंजूर है, लेकिन प्रताड़ना झेलने के लिए दोबारा पाकिस्तान नहीं जाएंगे।

अब दिल्ली में होगी कार्रवाई

बालसमंद पुलिस चौकी इंचार्ज शेषकरण ने बताया कि इस परिवार को पुलिस ने बस में बैठाकर दिल्ली भेज दिया है। दिल्ली के पाकिस्तानी कैंप में इन्हें छोड़ा गया है। आगामी कार्रवाई भारत सरकार करेगी। पुलिस के मुताबिक वीजा समाप्ति के बाद भी भारत में रहे इस परिवार का 45 दिन का वीजा लगा था। वीजा समाप्ति के बाद इस परिवार ने दिल्ली से लॉन्ग टर्म वीजा भी अप्लाई किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *