• Tue. Oct 14th, 2025

Haryana News : भाजपा का लक्ष्य राजस्व संग्रह नहीं, बल्कि हर नागरिक की जीवन गुणवत्ता को सुधारना : कृष्ण बेदी

Haryana News

  • जीएसटी स्लैब में दी गई छूट आम आदमी के लिए बड़ी राहत
  • सुबह उठने से रात को सोने तक इस्तेमाल में आने वाला हर प्रोडक्ट सस्ता होने से आम व्यक्ति का जीवन सरल हुआ
  • कांग्रेस का दोहरा चरित्र, कांउसिल की बैठक में कांग्रेस नेता जीएसटी का समर्थन करते हैं, बाहर राहुल गांधी विरोध करते हैं
  • कांग्रेस वैट के माध्यम से गरीब जनता और व्यापारियों पर डाके डालती थी
  • कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने भाजपा विधायक दल कार्यालय चंडीगढ़ में जीएसटी रिफॉर्म पर की प्रेसवार्ता

Haryana News : चंडीगढ़। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जीएसटी में ऐतिहासिक सुधार कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना वादा निभाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आम आदमी के सुबह उठने से लेकर रात सोने तक की जरूरी दैनिक वस्तुओं में छूट देकर आम व्यक्ति का जीवन सरल बनाने का काम किया है। भाजपा विधायक दल कार्यालय चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री बेदी ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र है, काउंसिल की बैठक में कांग्रेस नेता समर्थन करते हैं, लेकिन बाहर राहुल गांधी उन्हीं फैसलों का विरोध करते हैं। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नवीन गर्ग भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी सरलीकरण का ऐतिहासिक कदम उठाया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार तो जीएसटी लागू करने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाई। राज्यों की सरकारों को कांग्रेस पर भरोसा ही नहीं था। कांग्रेस की पोल खोलते हुए श्री बेदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार वैट के माध्यम से गरीब जनता और व्यापारियों पर डाके डालती थी।

सरकार के लिए जनता सर्वोपरि

कृष्ण बेदी ने कहा कि मोदी सरकार के लिए जनता सर्वोपरि है। मोदी सरकार ने जीएसटी का जो सरलीकरण किया है इसका ना तो किसी चुनाव से और न ही किसी टैरिफ दबाव से कोई लेना-देना है। ये देश की जनता और व्यापारियों को राहत देने के लिए उठाये गए कदम हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य सिर्फ राजस्व संग्रह नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की जीवन गुणवत्ता को सुधारना है। उन्होंने कहा कि टैक्स स्लैब में कटौती से बड़े पैमाने पर आम आदमी की रोजमर्रा के खर्चों में कमी आएगी, स्वास्थ्य और बीमा सेवाएं सस्ती होंगी। उन्होंने कहा कि व्यापारिक माहौल में सुगमता बढ़ेगी। यह कदम निश्चित तौर पर देश की आर्थिक ताकत को मजबूत करेगा और नई उम्मीदें जगाएगा। बेदी ने कहा कि कांग्रेस शासन में कमज़ोर इनपुट टैक्स क्रेडिट प्रावधानों के कारण दुरुपयोग संभव था, जबकि केंद्रीय निगरानी की कमी के कारण कर चोरी की गुंजाइश थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तय करना होगा कि उसे इस कटौती का समर्थन करना है या विरोध। अगर वे विरोध करते हैं, तो जनता के सामने उनकी असलियत सामने आ जाएगी। विपक्ष के कुछ नेता 40 फीसदी टैक्स स्लैब पर सवाल उठा रहे हैं। क्या कांग्रेस पार्टी चाहती है कि तंबाकू और गुटखा पर सिर्फ 5 प्रतिशत जीएसटी लगे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा जीएसटी का विरोध किया जाना बताता है कि कांग्रेस सच्चाई से कोसों दूर है।
श्री बेदी ने कहा कि मोदी सरकार ने इसी साल के आम बजट में आयकर में 12 लाख रुपए तक की ऐतिहासिक छूट दी जिसका हर वर्ग के करदाताओं को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक में लिये गये निर्णयों को देखें तो साफ प्रतीत होता है कि कर प्रणाली में सुधार केवल आंकड़ों का खेल नहीं है बल्कि यह सीधे-सीधे आम नागरिक की ज़िंदगी से जुड़ा हुआ प्रश्न है।

उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा

मंत्री ने कहा कि दूध, घी, पनीर, बिस्कुट, चॉकलेट, सूखे मेवे, नमकीन-इन सब पर कर घटने से उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। किसानों और शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्र को भी बड़ी राहत दी गई है। यह कदम न सिर्फ उपभोक्ताओं को राहत देता है, बल्कि छोटे व्यवसायों और मझोले उद्योगों की साँस भी आसान करता है। ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा और निर्माण क्षेत्र को भी कर छूट देना इस बात का संकेत है कि सरकार रोजगार और औद्योगिक विकास को गति देना चाहती है। बीमा सेक्टर पर से जीएसटी को ख़त्म कर सरकार ने आम लोगों की जिंदगी आसान की है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है। कांग्रेस से जनता कितनी सहमत होती है यह एक बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों का अलग-अलग एजेंडा होता है, लेकिन एजेंडा उसी का चलता है जिसको जनता चलाती है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी लाडो लक्ष्मी योजना

लाड़ो लक्ष्मी योजना पर बोलते हुए बेदी ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी। 25 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाड़ो लक्ष्मी योजना के लिए पोर्टल लांच करेंगे। बेदी ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पोर्टल को बहुत ही सरल बनाया गया है ताकि महिलाएं खुद ही एप्लाई कर सके। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि जो महिलाएं 15 वर्षों से हरियाणा में रह रही हैं उन्हीं महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। पत्रकार के विपक्ष द्वारा उठाए गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सरकार में रहते हुए अपने विधायकों, मंत्रियों का सम्मान नहीं किया वो किसी का क्या सम्मान करेंगे। बेदी ने कहा कि उनके द्वारा सीएम सैनी को मुख्यमंत्री मानने या ना मानने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हमारे 48 विधायक जीत कर आए हैं। जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है, इसलिए नगर निकाय के चुनावों में भी भाजपा की जीत हुई है। बेदी ने कहा कि जनता विपक्ष के नेताओं के आचरण का भी आंकलन करती है। पांच साल बाद जनता अपना जनादेश देती है तो विपक्ष के लोग फिर ईवीएम को दोष देते हैं और वोट चोरी का अलाप अलापने लगते हैं। विपक्ष के नेताओं को भी सोच समझ कर बयान देना चाहिए, क्योंकि हर नेता पर जनता की नजर रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *