Sirsa News
- -सफलतापूर्वक की 6500 किलोमीटर की समुद्री यात्रा
- -कर्मजीत कौर का 2015 में चयन फौज में हुआ था
- -अभी मुंबई में कार्यरत,
- -परिजनों व ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया
Sirsa News : सिरसा। जिला के गांव कंगनपुर की बेटी मेजर कर्मजीत कौर मुंबई से सेशेल्स तक 6500 किलोमीटर समुद्री मील की ऐतिहासिक समुद्री यात्रा भारतीय निर्मित समुद्री जहाज से सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद टीम मुंबई लौट आई। मेजर कर्मजीत कौर के सिरसा पहुंचने पर पिता एडवोकेट रिछपाल सिंह रंधावा, माता राजविंद्र कौर व भाई एडवोकिट अर्शप्रीत सिंह के अलावा परिजनों व ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि मेजर कर्मजीत कौर का 2015 में चयन फौज में हुआ था। वह अभी मुंबई में कार्यरत है। मेजर कर्मजीत ने बताया कि बीती 7 अप्रेल को मुंबई से इस अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। यह अभियान भारतीय सेना की समुद्री यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जो सेना, नौसेना और वायु सेना में महिला अधिकारियों की परिचालन शक्ति और तालमेल को प्रदर्शित करता है।
टीम में ये थे शामिल
इस टीम में भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट कर्नल अनुजा, मेजर कर्मजीत कौर, मेजर तान्या, कैप्टन ओमिता, कैप्टन दौली, कैप्टन प्राजक्ता, भारतीय नौसेना की लेििफ्टनेंट कमांडर प्रियंका और भारतीय वायु सेना की स्क्वाड्रन लीडर विभा, स्क्वाड्रन लीडर श्रद्धा, स्क्वाड्रन लीडर अरुवी, स्क्वाड्रन लीडर वैशाली शामिल थीं। स्वदेश निर्मित 56 फुट लंबे जहाज त्रिवेणी पर सवार सभी महिला चालक दल ने दो महीने तक खुले समुद्र की कठोर परिस्थितियों में उष्णकटिबंधीय तूफानों, समुद्र की उच्च स्थितियों और लंबे समय तक थकान से जूझते हुए यात्रा की। मेजर कर्मजीत कौर ने कहा कि यह मिशन भारत के रक्षा परिदृश्य में अग्रणी योगदानकर्ताओं के रूप में महिलाओं की उभरती भूमिका को रेखांकित करेगा। अभी तक भारतीय समुद्रों का भ्रमण किया गया है, लेकिन अब टीम अन्य देशों के समुद्रों का भी इसी प्रकार से भ्रमण कर एक नया इतिहास रचने का काम करेगी।