Weather
- –अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना
- -तापमान में वृद्धि से होगी ठंड की विदाई
Weather : रेवाड़ी। बीते सप्ताह के अंत में जिले के कई इलाकों में हुई ओलावृष्टि के बाद मौसम साफ हो गया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे किसानों को राहत मिली है। सरसों की कटाई का कार्य शुरू हो गया है। अभी भी कुछ इलाकों को छोड़कर अन्य में किसानों की फसल नुकसान से बची हुई है। मौसम साफ होने के बाद जल्द तापमान में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है, जो ठंड के मौसम की विदाई साबित होगा। रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। तेज धूप खिलने के बाद दोपहर के समय ठंड का असर गायब हो गया। अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 26.0 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री पर स्थिर रहा है। हवा में नमी का स्तर 55 प्रतिशत रहा, जबकि दिन में 11 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। रात का तापमान अभी भी सामान्य से अधिक चल रहा है। ओलावृष्टि जिले के कुछ भागों में नुकसान पहुंचा चुकी है। इसके बावजूद जिले के बड़े हिस्से में किसानों की फसल सुरक्षित बची हुई है।
आगे मौसम साफ रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ बना रह सकता है। तापमान में तेजी से वृद्धि होना शुरू हो जाएगा, जिससे इस सप्ताह ठंड का असर काफी हद तक कम हो जाएगा। अभी सुबह और शाम के समय ही ठंड का अहसास हो रहा है। ओलावृष्टि के बाद ठंड जरूर बढ़ी है, परंतु इसका असर ज्यादा दिनों तक बरकरार नहीं रहेगा। तापमान में इस सप्ताह वृद्धि दर्ज होने की संभावना है।
फसलों के लिए अनुकूल बना मौसम
जिले के कुछ भागों में ओलावृष्टि ने फसलों को नुकसान जरूर पहुंचाया है। जिन भागों में ओलावृष्टि नहीं हुई है, वहां मौसम ठंडा होने से फसलों को अच्छा फायदा होने का अनुमान है। मौसम में ठंड का असर गेहूं की फसल में अच्छा पकाव लाने में सहायक होगा। किसानों ने अगेती सरसों की कटाई शुरू कर दी है, जिससे अगले कुछ दिनों में मंडियों में सरसों की आवक शुरू हो जाएगी। तापमान में गिरावट गेहूं की अच्छी पैदावार में सहायक होगा। बढ़ते हुए तापमान से गेहूं की फसल पर दीमक का खतरा मंडरा रहा था।
https://vartahr.com/weather-relief-t…ing-work-started/