Haryana
- दिनभर बनी रही कोल्ड वेव की स्थिति
- सड़कों पर रेंगते रहे वाहन, दृश्यता 10 से 50 मीटर रही
- कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर आया
- सिरसा 3.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा जिला रहा
Haryana : हरियाणा। प्रदेेश में नए साल की पहली सुबह की शुरूआत बर्फीली हवा, घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच हुई। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई। वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। कोल्ड वेव के साथ दिन में भी रात जैसी स्थिति बनी रही। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित रहा। हाइवे पर कोहरे की दृश्यता 10 से 50 मीटर तक दर्ज की गई। वाहन चालकों को एक-दूसरे के पीछे लाइटें जलाकर चलना पड़ा। स्टेट हाइवे पर भी वाहन रेंगते नजर आए। एक दर्जन से ज्यादा लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन आधे से दो घंटे तक देरी से हुआ। सुबह करीब 10 बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ। करीब 12 बजे निकली धूप से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली।
अभी और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह में और भी कोहरा पड़ने की संभावना जताई जा रही है। हांड कंपा देने वाली ठंड लोगों को परेशान कर रही है। कहीं-कहीं हल्की बरसात या ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है।
लगातार गिर रहा पारा
प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को कई जिलों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है, जबकि कई जिलों में न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिवेट होने से आने से उत्तर से आने वाली सर्द हवा रुक जाएगी, जिससे दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी।
https://vartahr.com/haryana-icy-wind…topped-the-speed/