Julana
–
- कविता जुलाना के गांव मालवी की रहने वाली
- दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों के आंदोलन का किया था समर्थन
- कविता दलाल अब विनेश फोगाट से ही चुनाव में करेगी मुकाबला
- बीजेपी के कैप्टन बैरागी, इनेलो-बीएसपी के सुरेंद्र लाठर भी बड़े नाम
Julana : जींद। हरियाणा विधानसभा चुनाव की उचाना के बाद सबसे हॉट सीट जुलाना बन चुकी है। आम आदमी पार्टी ने बुधवार को अपना उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 21 उम्मीदवारों के नाम है और यह सभी उम्मीदवार पहली बार चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले आम आदमी पार्टी तीन लिस्ट में 40 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। आम आदमी पार्टी ने अपनी चौथी लिस्ट में जींद के जुलाना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की उम्मीदवार विनेश फोगाट के सामने पूर्व वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) रेसलर कविता दलाल को उतारा है। कविता जुलाना के गांव मालवी के रहने वाली है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों के आंदोलन को समर्थन करने वाली कविता दलाल अब विनेश फोगाट से ही चुनाव में आमना-सामना करेगी। आंदोलन के वक्त कविता ने विनेश को लड़कियों की रोल मॉडल भी बताया था।
दोनों शोषण का आरोप लगा चुकीं
दोनों महिला पहलवान खेल के दौरान शोषण किए जाने के आरोप लगा चुकी हैं। अब दोनों ही महिला पहलवान एक दूसरे के सामने चुनावी मैदान में फाइट करेगी। कविता दलाल के चुनावी मैदान में आने से अब जुलाना में मुकाबला रोचक होगा। इससे पूर्व मंगलवार को बीजेपी ने कैप्टन योगेश बैरागी को मैदान में उतारा है।
करोना काल में छा गए थे बैरागी
सफीदों के रहने वाले कैप्टन योगेश बैरागी युवा हैं। उनकी उम्र 35 साल है। वह एक प्रमुख एयरलाइंस में सीनियर पायलट रह चुके हैं। बैरागी ने चेन्नई बाढ़ आपदा के दौरान रिलीफ और रेस्क्यू उड़ानें भरी थीं। तब उन्हें काफी सुर्खियां मिली थीं। इतना ही नहीं वह कोरोना महामारी के वक्त वंदे भारत मिशन में सक्रिय रहे थे। लोकसभा चुनाव के दौरान वीआरएस लेकर बीजेपी ज्वाइन करने वाले जीएसटी कमीश्रर डा. सुरेंद्र सिंह लाठर टिकट कटने के बाद इनेलो की टिकट लेकर चुनावी दंगल में उतरे हैं। डा. लाठर की छवि जुलाना व आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में समाजसेवी की है। लोगों के बीच ये कमीश्नर साहब के नाम से प्रसिद्ध हैं। इनकी संस्था सामाजिक सरोकार परिवार छह साल से लोगों के बीच सक्रिय है। जो 50 से अधिक लाइब्रेरी खोल कर युवाओं को सरकारी नौकरियों की निशुल्क तैयारी करने का माहौल उपलब्ध करवा रही है। इसके साथ ही गांवों में स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ प्लांट लगाने के साथ ही लोगों की आंखों व स्वास्थ्य की जांच के लिए कैंप भी लगाए जाते रहे हैं। गरीब अपनी आजीविका चला सकें, इसलिए उन्हें ई-रिक्शा भी वितरित की गई हैं।
गांव मालवी की कविता दलाल
मालवी गांव निवासी और आम आदमी पार्टी नेत्री कविता दलाल को पार्टी ने टिकट दी है। कविता दलाल ने 2016 में अमेरिका के फलोरिडा में आयोजित डब्लुडब्लुई रेसलिंग चैंपियनशिप में भाग लिया था। कविता दलाल की आयु 41 साल है। कविता दलाल की शादी यूपी के बागपत में 2009 में हुई थी। कविता के पति भारतीय सेना में कार्यरत हैं। कविता परिवार सहित रोहतक में रहते हैं। कविता दलाल ने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त की है। कविता ने 2021 में राजनीति में कदम रखा था। कविता दलाल को आम आदमी पार्टी ने खेल प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।
https://vartahr.com/julana-election-…tion-with-vinesh/

