BJP
- हरियाणा विधानसभा चुनाव, एक-दो दिन में जारी हो सकती है लिस्ट
- केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर
- गुरुवार शाम को नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में चुनाव समिति की बैठक
BJP : चंडीगढ़। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए करीब 55 उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए है। गुरुवार शाम को नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में हुई चुनाव समिति की बैठक में ज्यादातर उन सीटों पर चर्चा हुई जहां एक ही संभावित मजबूत दावेदार है। अगले एक-दो दिन में पार्टी अपनी पहली लिस्ट जारी कर सकती है। बाकी बची सीट ऐसी हैं जिन पर दो संभावित उम्मीदवार हैं। इन सीटों पर चुनाव समिति की अगली बैठक में विचार विर्मश होगा। भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव हेतु उम्मीदवार तय करने के लिए गुरुवार को नई दिल्ली में लगातार तीन बैठकें की। सबसे पहले सुबह हरियाणा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के घर पर हरियाणा भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं ने संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। इस बैठक में हाल ही में गुरूग्राम में हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में तैयार की गई लिस्ट पर मंथन हुआ। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर बैठक हुई जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मनोहर लाल, धर्मेंद्र प्रधान, सीएम नायब सैनी और हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने एक अंतरिम सूची तैयार की। इस सूची में करीब 55 ऐसी सीटें शामिल थी जिन पर सिर्फ एक ही नाम शामिल था जबकि बाकी सीटों पर दो नाम संभावित उम्मीदवार के तौर पर दर्ज थे। इस बैठक में कई ऐसे विधायकों को लेकर भी चर्चा हुई जो चुनाव जीतने के मामले में कई पहलुओं से कमजोर दिख रहे हैं।
करीब 15 विधायकों के कट सकते हैं टिकट
शाम को भाजपा मुख्यालय में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में नड्डा के आवास पर तैयार लिस्ट को रखा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, अमित शाह सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्यों के अलावा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, बिप्लब देव, सतीश पूनिया, सुधा यादव, कृष्ण पाल गुर्जर, कैप्टन अभिमन्यु और अनिल विज प्रमुख तौर पर बैठक में मौजूद थे। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस बात पर विशेष जोर रहा कि सभी सीटों पर ऐसे उम्मीदवार उतारे जाएं जो जीत हासिल करने का माद्दा रखते हों। बैठक में उन विधायकों को लेकर भी चर्चा हुई जो उम्मीदवार बनाए जाने पर हार सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि करीब 15 विधायकों के टिकट कट सकते हैं। इनमें नायब सैनी सरकार के तीन-चार मंत्री भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा हाईकमान सोनीपत और पानीपत के आसपास की दो तीन जाट बहुल विधानसभा सीटें जयंत चौधरी के राष्ट्रीय लोकदल को गठबंधन के तहत दे सकता है। इसके अलावा गोपाल कांडा और विनोद शर्मा की पार्टियों को भी एक एक सीट गठबंधन के तहत मिल सकती है।
https://vartahr.com/bjp-bjp-finalise…tes-for-55-seats/