रोहतक पुलिस : हरियाणा के रोहतक जिले में पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करते हुए बीकॉम प्रथम वर्ष के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण कर्ज में डूब गया था और इसी दौरान विदेशी हैंडलर के संपर्क में आकर हथियारों की डिलीवरी करने लगा।
महम सीआईए पुलिस ने जनता कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय कृत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से मेड इन चाइना रिवाल्वर, एक देसी पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबोचा आरोपी
रोहतक के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव राजपुरोहित ने बताया कि महम सीआईए को सूचना मिली थी कि जनता कॉलोनी निवासी कृत अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झज्जर रोड स्थित कन्हेली फ्लाईओवर के पास छापेमारी की।
पुलिस ने आरोपी को एक बैग सहित काबू किया। तलाशी लेने पर बैग से दो हथियार और आठ कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियारों में एक मेड इन चाइना रिवाल्वर और एक देसी पिस्तौल शामिल है।
ऑनलाइन गेमिंग की लत बनी अपराध की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी। गेमिंग के दौरान वह बड़ी रकम हार गया और कर्ज में फंस गया। इसी दौरान विदेश में बैठे एक हैंडलर ने उससे संपर्क किया और कर्ज चुकाने का लालच दिया।
हैंडलर ने आरोपी से कहा कि उसे केवल तय स्थानों से हथियार उठाकर दूसरी जगह पहुंचाने हैं। इसके बदले उसका पूरा कर्ज उतार दिया जाएगा। आरोपी को निर्देश दिए गए थे कि वह केवल हैंडलर से संपर्क में रहे और किसी अन्य व्यक्ति से मुलाकात या बातचीत न करे।
डेढ़ माह में पहुंचाए 20 से ज्यादा हथियार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब डेढ़ महीने में 20 से अधिक हथियार अलग-अलग स्थानों तक पहुंचा चुका था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आते थे और किन लोगों तक पहुंचाए जा रहे थे।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
रोहतक पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विदेशी हैंडलर कौन है और उसके साथ कितने लोग जुड़े हुए हैं। मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग और साइबर जालसाजों से सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि कई बार आर्थिक लालच उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल देता है।
-
ताजा अपडेट के लिए VartaHR.com विजिट करें
