एशियन चैंपियनशिप में हरियाणा की सात महिला पहलवानों का चयन हुआ
रोहतक। अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप के लिए महिला कुश्ती के ट्रायल रविवार को आयोजित किए गए। यह ट्रायल दिल्ली में आयोजित किए गए। इसमें हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 10 भार वर्गों में से 7 में हरियाणा की महिला पहलवानों ने जीत दर्ज कर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की है।
हरियाणा की पहलवानों ने विभिन्न श्रेणियों में अपना वर्चस्व कायम रखा। 50 किलो भार वर्ग में स्वीटी ने जीत हासिल की, जबकि 53 किलो में मुस्कान विजेता रहीं। 57 किलो में तपस्या, 59 किलो में नेहा, 65 किलो में पुलकित, 68 किलो में मानसी लाठर और 76 किलो के भारी वजन वर्ग में काजल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
महाराष्ट्र की पहलवानों ने भी अपनी चुनौती पेश करते हुए 3 प्रमुख भार वर्गों में जीत दर्ज की। 55 किलो भार वर्ग में अहिल्या शिंदे, 62 किलो में भाग्यश्री और 72 किलो में अमृता ने शानदार खेल दिखाया और अपनी जगह पक्की की।
भाग्यश्री रोहतक के छोटूराम स्टेडियम में कोच मनदीप के पास अभ्यास करती है। हरियाणा कुश्ती संघ अध्यक्ष रमेश बोहर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने आगे भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कोच मनदीप ने भी विजेता खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
