BSc Physics-Chemistry
- जिले के 12 कॉलेजों में बीएससी कोर्स, एनईपी के तहत नए विकल्प
- इंटर्नशिप अनिवार्य, पढ़ाई के साथ स्किल्स पर भी दिया जा रहा जोर
- सर्टिफिकेट से ऑनर्स तक, लचीली शिक्षा प्रणाली का मिल रहा लाभ
- विद्यार्थियों को 120 घंटे की इंटर्नशिप करना जरूरी होगा
रोहतक। जिले के सरकारी और निजी कॉलेजों में बीएससी फिजिक्स-केमिस्ट्री (भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान) का कोर्स युवाओं के लिए करियर का मजबूत और बहुआयामी विकल्प बनकर उभर रहा है। 12वीं के बाद इस स्ट्रीम को चुनने वाले छात्र अब पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर वैज्ञानिक अनुसंधान, इंडस्ट्री, ऊर्जा क्षेत्र और अंतरिक्ष जैसे उन्नत क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकते हैं। बदलते समय के साथ विज्ञान की पढ़ाई अब केवल थ्योरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें स्किल्स, रिसर्च और प्रैक्टिकल अनुभव को भी बराबर महत्व दिया जा रहा है। नई शिक्षा नीति के लागू होने के बाद पढ़ाई और अधिक लचीली हो गई है, जिससे छात्र अपनी सुविधा के अनुसार डिग्री, डिप्लोमा या सर्टिफिकेट हासिल कर सकते हैं।
12 सरकारी और निजी कॉलेजों में ले सकते हैं दाखिला
जिले के 12 सरकारी और निजी कॉलेजों में बैचलर ऑफ साइंस (बीएससी) फिजिक्स और रसायन विज्ञान का कोर्स विद्यार्थियों के लिए मौजूद है। 12वीं के बाद इस विषय को चुनने वाले छात्र रिसर्च से स्पेस तक अपने करियर की उड़ान भर सकते हैं। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि यह डिग्री विद्यार्थियों को विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों से परिचित कराती है और उनमें अनुसंधान की क्षमता विकसित करती है।
एनईपी के तहत बदल गए नियम
नेकीराम कॉलेज के इंटर्नशिप नोडल अधिकारी डॉ. राजेश दहिया ने बताया कि नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत अब छात्र अपनी सुविधा और जरूरत के अनुसार पढ़ाई के बीच में भी सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं। अगर कोई विद्यार्थी एक साल की पढ़ाई पूरी करके छोड़ता है तो उसे डिप्लोमा मिलेगा, दो साल के बाद सर्टिफिकेट, तीन साल के बाद स्नातक की डिग्री और चार साल पूरे करने पर ऑनर्स की डिग्री मिलेगी। जिनके चार साल के पाठ्यक्रम में 75 प्रतिशत से अधिक अंक होंगे, उन्हें ऑनर्स विद रिसर्च की विशिष्ट डिग्री दी जाएगी।
इंटर्नशिप के बिना डिग्री नहीं
अब स्नातक की डिग्री हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को 120 घंटे की इंटर्नशिप करना अनिवार्य है। यह इंटर्नशिप विद्यार्थी ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से पूरी कर सकते हैं। यदि कोई ऐसा नहीं करते हैं तो डिप्लोमा, सर्टिफिकेट या डिग्री नहीं दी जाएगी।
स्कैनर जारी किए
नेकीराम कॉलेज के डॉ. रविंद्र ने बताया कि विभाग ने विद्यार्थियों की सहायता के लिए डिजिटल लिंक और स्कैनर जारी किए हैं। इसके जरिए छात्र घर बैठे ही नोट्स, प्रश्न पत्र और विभाग से जुड़ी जानकारियां ले सकते हैं।
किस कॉलेज में कितनी सीटें और फीस
कॉलेज नाम सीट फीस
जाट कॉलेज 640 17700
गौड़ कॉलेज 120 18000
गवर्नमेंट कॉलेज महम 160 5520
गवर्नमेंट कॉलेज लाखनमाजरा 100 5160
राजकीय महिला महाविद्यालय 280 5480
गवर्नमेंट कॉलेज सांपला 40 5640
किशोरी कॉलेज 180 12350
नेकीराम कॉलेज 400 5840
सैनी कॉलेज 60 19000
हिंदू कॉलेज 80 22600
एसजेके कॉलेज कलानौर 80 21798
वैश्य कॉलेज 280 12900
