Jind News
जींद। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में शनिवार को रंग और गुलाल बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग लगने से चार महिला मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 13 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। यह दर्दनाक हादसा Jind में बड़ी घटना के रूप में सामने आया है। सभी घायलों को खानपुर पीजीआई, रोहतक पीजीआई और पानीपत के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्टरी में गुलाल बनाने के लिए बारूद और अन्य रसायनों का प्रयोग किया जाता था। बताया जा रहा है कि यह फैक्टरी पिछले करीब डेढ़ साल से अवैध रूप से चल रही थी। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया। डीसी मोहम्मद इमरान रजा और एसपी कुलदीप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने फैक्टरी मालिक सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बारूद और कैमिकल के कारण भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्टरी में अचानक आग लग गई। बारूद और कैमिकल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी फैक्टरी इसकी चपेट में आ गई। बताया गया कि हादसे के समय फैक्टरी के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जिससे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
इस दर्दनाक हादसे में गांव सिंघपुरा निवासी पिंकी (51), वार्ड नौ निवासी गुड्डी (50), डिग्गी मोहल्ला निवासी पूजा (40) और आदर्श कॉलोनी निवासी ऊषा (45) की मौत हो गई। चार महिलाओं ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई।
13 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
हादसे में आदर्श कॉलोनी निवासी रानी, जगबीर, निसिंग करनाल निवासी पवन, शिव कॉलोनी निवासी कश्मीरी देवी, गीता कॉलोनी निवासी कमलेश और बिमला समेत 13 मजदूर बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया।
दीवार तोड़कर निकाले गए मजदूर
फैक्टरी के अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए दीवार तोड़नी पड़ी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
फैक्टरी मालिक सहित पांच के खिलाफ केस
जानकारी के अनुसार फैक्टरी वार्ड 10 निवासी राकेश उर्फ राजू किराये के मकान में चला रहा था। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर राकेश उर्फ राजू, देवेंद्र, सतनारायण, रामकरण और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
VartaHR – हरियाणा का नंबर-1 डिजिटल हिन्दी न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”



