• Mon. Mar 2nd, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

Haryana Budget 2026-27 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सैनी ने पेश किया सूबे का बजट-

Byadmin

Mar 2, 2026

Haryana Budget 2026-27

  • युवा वर्ग और महिलाओं पर खास फोकस, बजट में सौगात
  • केसरी रंग की दस्तार बांधकर बजट पेश किया सूबे के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीन घंटे 12 मिनट में पढ़ा अपना बजट भाषण

योगेंद्र शर्मा. चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा का बजट बतौर वित्त मंत्री पेश किया क्योंकि वित्त विभाग की कमान उनके सियासी गुरु व केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल की तरह से उनके पास में है। हरियाणा के इस नायाब बजट का फोकस युवाओं और महिलाओं पर दिखाई दे रहा है। दोनों ही वर्गों को खास सौगात दी गई हैं, इसके अलावा सरकार अब राज्य में पिंजौर सहित कईं स्थानों पर वैडिंग जोन तैयार करने जा रही है, ताकि लोगों को बाहर जाने के स्थान पर अपने देश प्रदेश में ही इस तरह की सुविधाएं मिल सकें।

दोपहर 12 बजे केसरी रंग की पगड़ी बांध और कुर्ते पजामे, आसमानी रंग की जैकेट पहनकर आए सीएम से जब पत्रकारों ने पगड़ी (दस्तार) बांधने का राज पूछा, तो बोले यह मेरी भावनाओं का मामला है, कोई नई बात नहीं है। तीन घंटे 12 मिनट में उन्होंने 76 पेज का बजट भाषण पढ़ा और एक बार भी बीच में ब्रेक लेकर पानी तक नहीं पिया..। इस दौरान विस अध्य़क्ष हरविंद्र कल्याण ने बिना ब्रेक के बजट भाषण पढ़ने पर प्रशंसा भी की।

हर जिले में महिलाओं के लिए क्लीनिक की तैयारी

हर नारी, स्वस्थ नारी’ स्कीम के तहत हर ज़िले में महिलाओं के लिए क्लीनिक बनाने की घोषणा इसी बजट में की गई है। इसके अलावा हरियाणा सरकार सर्वाइकल कैंसर से लड़ने के लिए 3 लाख 14 साल की लड़कियों को वैक्सीन लगाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू करेगी। बजट में एआई मिशन के तहत 1 लाख युवाओं को ट्रेनिंग देने का प्रावधान किया है। सीएम ने बताया कि इस पहल में चार डिपार्टमेंट के प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है।
‘आदर्श परीक्षा केंद्र’ स्थापित करने की कवायद
युवाओं को राहत देते हुए हर एक विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर ‘आदर्श परीक्षा केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे।

तीसरी बिजली कंपनी का फोकस किसानों पर

मुख्यमंत्री ने बजट में तीसरी पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी हरियाणा एग्री डिस्कॉम बनाने की घोषणा की है। बिजली कंपनी किसानों की जरूरतों को पूरा करेगी और 5,084 एग्रीकल्चरल फीडर को मैनेज करेगी। उन्होंने कहा कि इस कंपनी से 7.12 लाख किसानों को बिना रुकावट बिजली मिलेगी। अब किसानों को इसके जरिये ट्यूबवेल के कनेक्शन दिए जाएंगे।
—————————————————————————————————————————————–
हांसी मॉडर्न डिस्ट्रिक्ट

हांसी को मॉडर्न डिस्ट्रिक्ट बनाने समेत कई घोषणाएं की। उद्योगों के लिए सरकार ने 500 करोड़ रुपये का एक स्पेशल फंड बनाने की घोषणा की है, जिसका नाम ‘सक्षम’ दिया गया है। सरकार का यह बजट 2025-26 की तुलना में 10.28 फीसदी ज्यादा है। पिछले बजट का 98 प्रतिशत प्रस्तावों का इस्तेमाल किया गया। इस सब के अलावा सीएम ने बजट में युवाओं को फिर से सौगात दी और कहा कि पुलिस की भर्ती में 20 फीसदी पद अग्निवीर के आरक्षित करने का ऐलान किया। गुरु नानक देव के वचन–किरत कर, नाम कर और वंड छक से अपनी भाषण की शुरुआत की। सीएम ने बताया कि बजट बनाने से पहले गुड़गांव में समाज के विभिन्न लोगों के साथ मीटिंग की, जिसमें 2000 से ज्यादा प्रस्ताव मिले। इसके अलावा ई-मेल और पत्रों के जरिये भी लोगों ने सुझाव दिए। 5000 सुझावों को बजट में शामिल किया गया है, जिनमें 12 खास प्रस्ताव है।

महिलाओं पर खास मेहरबानी गाड़ियां खरीदने में छूट

अगर कोई महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उसे टैक्स में 1% की छूट मिलेगी, जिससे महिलाओं को गाड़ी खरीदने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर टैक्स में पहले से ही 20% की छूट मिल रही है, जिसे और बढ़ाया जाएगा।

अच्छे ड्राइवर तैयार करने की योजना

इसी क्रम में युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए सके अलावा, नूंह, फरीदाबाद, अंबाला और गुरुग्राम में ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे, ताकि अच्छे ड्राइवर तैयार हो सकें। सभी सरकारी बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है।

लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा भी बढ़ा

महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है। 25 सितंबर से 1.80 लाख रुपए आय वाली महिलाओं का इसका लाभ मिलेगा। अभी 1.40 लाख रुपए तक कमाने वाली 9 लाख 22 हजार महिलाओं को 2100 रुपए मिल रहे हैं। अब इस योजना से 6 लाख और महिलाओं को फायदा होगा।
अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी रिजर्वेशन
पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी रिजर्वेशन का प्रस्ताव रखा है। अगले साल 1300 अग्निवीरों की पुलिस में विशेष भर्ती होगी।

‘नारी मंडपम’ स्थापित होगा

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए गुरुग्राम में ‘नारी मंडपम’ स्थापित होगा।
उचित मूल्य की 4 हजार नई दुकानों के आवंटन में महिलाओं को 33% आरक्षण। महिला-समर्थ संस्थान पुरस्कार योजना शुरू होगी। 3 लाख लखपति दीदी बनाई जाएंगी। अब तक 4,83,361 महिलाओं की पहचान हुई। 3 राज्य उद्यमिता विकास संस्थानों में 30% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित। छात्राओं के लिए 273 बसें हैं, संख्या बढ़ाकर 500 कर दी जाएगी।

अब शादी ब्याह से लेकर विदाई तक सरकार साथ, तीर्थ यात्रा से लेकर बेटियों की पढ़ाई के लिए सौगात

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के नागरिकों की यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और सस्ता बनाने के लिए परिवहन क्षेत्र में बड़े क्रांतिकारी सुधारों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बजट आम जनता, युवाओं, महिलाओं की जरूरतों और उनकी धार्मिक आस्थाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया है। शादी ब्याह से लेकर बेटी की विदाई तक के लिए आने वाले वक्त में पंचकूला के पिजौंर और राज्य के कईं अहम शहरों में आधुनिक वैडिंग जोन तैयार करने की योजना है। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि रोडवेज के बेड़े में 50 नई विद्युत चालित बसें शामिल की जाएंगी। ये बसें विशेष रूप से दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख केंद्रों से कटरा, सालासर, खाटू श्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे पावन तीर्थों के लिए चलाई जाएंगी। इससे भक्तों को अब लंबी दूरी की धार्मिक यात्राओं के लिए प्रदूषण मुक्त और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।

विद्यार्थियों और बेटियों की राह होगी आसान

युवाओं और छात्राओं की शिक्षा में परिवहन बाधा न बने, इसके लिए सरकार ने 1000 नई बसों की खरीद का निर्णय लिया है। विशेष रूप से महिला यात्रियों और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल महिलाओं के लिए आरक्षित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 कर दी गई है। साथ ही, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक नया जालपृष्ठ (वेब पोर्टल) तैयार किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे परीक्षाओं के दौरान निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

बस अड्डों का निर्माण और तकनीक से जुड़ी सुरक्षा

ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए कनीना, नरवाना, गन्नौर और कलायत में नए आधुनिक बस अड्डों का निर्माण किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सार्वजनिक वाहनों में स्थान निर्धारण यंत्र (लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) और आपातकालीन बटन लगाए जाएंगे। इन सभी गतिविधियों की निगरानी के लिए एक केंद्रीय कमान एवं नियंत्रण केंद्र स्थापित होगा। आम जनता की सुविधा के लिए 15 अगस्त 2026 तक एक सचल दूरभाष अनुप्रयोग (मोबाइल ऐप) भी शुरू होगा, जिससे लोग घर बैठे बसों के आने-जाने की सटीक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

प्रशिक्षण और आधुनिक जांच केंद्रों का जाल

चालकों को दक्ष बनाने के लिए नूह, फरीदाबाद, अंबाला और गुरुग्राम में 140 करोड़ रुपये की लागत से चालक प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। वाहनों की फिटनेस जांच को पूरी तरह पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए हर जिले में एक स्वचालित परीक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा रोहतक स्थित वर्तमान परीक्षण केंद्र को भी आधुनिक तकनीक से लैस कर स्वचालित बनाया जाएगा, जिससे वाहन स्वामियों को समय पर और बिना किसी भ्रष्टाचार के प्रमाणपत्र मिल सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *