• Wed. Jan 28th, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

Rewari Weather News Today दिन-रात के तापमान में अंतर घटा, बरसात के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ा

Rewari Weather News Today

Rewari Weather News Today

  • -बूंदाबांदी के बाद दिन भर छाए रहे बादल
  • -जल्द मौसम साफ होने के आसार नहीं

रेवाड़ी। जनवरी के आखिरी सप्ताह में बारिश के बाद कड़ाके की ठंड ने जमकर परेशान करना शुरू कर दिया है। दिन-रात के तापमान में अंतर कम होने से लोगों को दिन भर हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा। बूंदाबांदी के बाद शाम तक बादल छाए रहे, जिससे मौसम में ठिठुरन बढ़ गई। लगभग सप्ताह तक मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिल सकता है। बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। बादल छाए रहने के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया।

ऐसा चल रहा तापमान

अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री की वृद्धि के साथ 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान का अंतर 6.3 डिग्री रहा। दोनों तापमान का अंतर कम होने के कारण ठंड का असर ज्यादा रहता है, जिस कारण लोग दिन भर ठंड से ठिठुरते रहे। ज्यादा जरूरी काम नहीं होने की स्थिति में लोगों ने घरों से बाहर निकलना जरूरी नहीं समझा। इससे बाजार में ग्राहकों की भीड़ कम रही।

सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम हुई

सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम देखने को मिली। 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन काफी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 जनवरी को भी आसमान में आंशिक या घने बादल छा सकते हैं। इससे अगले दिन एक बार फिर बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान ओलावृष्टि की आशंका भी बनी रहेगी।

ओलावृष्टि की आशंका कर रही परेशान

अभी तक मौसम रबी फसलों के लिए अनुकूल बना हुआ है। अगेती सरसों की फसल में दाना बनकर तैयार होने लगा है। गेहूं की बालियां भी निकलनी शुरू हो गई हैं। हाल ही में हुई बारिश से फसलों को अच्छा फायदा मिला है। जिले के आसपास लगते एरिया में बीते दिनों हुई ओलावृष्टि को देखते हुए आसमान में बादल छाते ही किसानों की चिंता बढ़ जाती है। इस समय अगर ओलावृष्टि होती है, तो इससे फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

हवा में नमी से बढ़ने लगा प्रदूषण का स्तर

बारिश के बाद हवा में नमी का स्तर 88 प्रतिशत हो गया है। प्रदूषण के कारक तत्व कम बारिश के चलते पूरी तरह साफ नहीं हो पाए हैं। प्रदूषक तत्व नमी के कारण भारी होकर जमीन के आसपास ही मंडराते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। बुधवार को धारूहेड़ा का एक्यूआई एक बार फिर 200 के पार पहुंच गया। इससे पहले बरसात होते ही यह 150 से भी नीचे आ गया था। बारिश नहीं होती है, तो प्रदूषण का स्तर एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है।

vartahr.com एक हिंदी न्यूज page है। इसमें हरियाणा समेत देश-विदेश की हर क्षेत्र की जानकारी और प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय उनकी उपलब्धियों के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *