• Sat. Jun 21st, 2025

Yoga Day : देश-दुनिया ने पूरे उत्साह के साथ लगाया ध्यान, पीएम मोदी ने विशाखापट्टनम में किया योगाभ्यास

Yoga Day

  • मोदी बोले, दुनिया तनाव से गुजर रही है, योग से हमें शांति की दिशा मिलती है
  • पीएम मोदी विशाखापट्टनम मंे कार्यक्रम में शामिल हुए
  • पीएम मोदी बोले, दुनिया तनाव से गुजर रही
  • योग से मिलती है शांति की दिशा, यह सभी को जोड़ता है
  • योग एक पॉज बटन है जिसकी मानवता को जरूरत है
  • मेरा दुनिया से अनुराेध है कि आईये योग दिवस को मानवता के लिए 2.0 के आरंभ के रूप में मनाएं
  • इस बार योग दिवस की थीम एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग
  • 11वें योग दिवस पर 23 विश्व रिकॉर्ड बने, इनमें 2 गिनीज रिकॉर्ड और 21 वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड हैं

Yoga Day : नई दिल्ली/विशाखापत्तनम। देशभर में लाखों लोगों ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाया, जिसमें योगासन और ध्यान का अभ्यास किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के तटीय शहर विशाखापत्तनम से इस समारोह का नेतृत्व किया। इस मौके पर मोदी ने कहा, ‘दुर्भाग्य से आज दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है, कितने ही क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है। ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है तथा यह सभी को जोड़ता है। ‘योग एक ‘पॉज बटन’ है, जिसकी मानवता को आवश्यकता है, जिससे कि वे खुलकर सांस ले सकें, जीवन में संतुलन बना सकें तथा पुनः संपूर्ण बन सकें।’ पीएम ने कहा, ‘मेरा दुनिया से अनुरोध है कि आइए, इस योग दिवस को मानवता के लिए योग 2.0 के आरंभ के रूप में मनाएं, जहां आंतरिक शांति वैश्विक नीति बन जाती है।’ इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ है, जो एक गहरी सच्चाई को दर्शाता है कि धरती पर प्रत्येक इकाई का स्वास्थ्य परस्पर जुड़ा हुआ है।

योग दिवस समारोह ने रिकॉर्ड बनाया

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के विशाल योग दिवस समारोह ने रिकॉर्ड बनाया है। राज्य सरकार ने बताया कि इस दौरान 23 नई उपलब्धियां हासिल की गईं। जिनमें 21 ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड’ और दो ‘गिनीज रिकॉर्ड’ शामिल हैं।’ इसके अलावा, करीब 22,122 आदिवासी छात्रों ने एक ही स्थान पर 108 मिनट तक 108 सूर्य नमस्कार करके दूसरा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि शुक्रवार को आंध्र विश्वविद्यालय में हासिल की गई। मोदी ने कहा, जब भारत ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र में रखा तो कुछ ही समय में 175 देशों ने इसे स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि 11 साल बाद योग अब दुनिया भर के करोड़ों लोगों के जीवन का हिस्सा बन गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड में किया योगाभ्यास

उत्तराखंड के देहरादून में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने योग को भारत की सौम्य शक्ति का एक शानदार उदाहरण बताया और कहा कि योग अब पूरी मानव जाति की साझा विरासत बन गया है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘योग किसी धर्म, संप्रदाय या समुदाय से जुड़ा नहीं है। यह स्वस्थ जीवन जीने की एक कला है।” उन्होंने सभी से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए इसे दैनिक अभ्यास के रूप में अपनाने की अपील की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि योग के शाश्वत ज्ञान ने लोगों को स्वास्थ्य और सद्भाव के साथ जोड़ने का काम किया है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में उन्होंने योग को विश्व को भारत का उपहार बताते हुए कहा कि यह विश्व भर में लाखों लोगों के लिए शांति, शक्ति और एकता की भावना लेकर आता है। उन्होंने कहा, “भारत की 5,000 साल पुरानी सभ्यतागत विरासत में निहित योग के कालातीत ज्ञान ने मानवता को स्वास्थ्य और सद्भाव के साथ जोड़ने का काम किया है।” सियाचिन ग्लेशियर की बर्फीली चोटियों से लेकर विशाखापत्तनम में लंगर डाले नौसेना के जहाजों तक, भारतीय सशस्त्र बलों ने शनिवार को पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया तथा अनुशासन और आंतरिक शक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। देश के विभिन्न स्थानों में कई केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों ने योगासन किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *