गला काटकर मार डाला
- चाकू से गर्दन पर किए कई वार, जेठ के बेटे पर आरोप
- मौके से चाकू बरामद, पति जम्मू कश्मीर में है तैनात
- बच्चे संग गांव भंभोल में रहती थी महिला
यमुनानगर। गांव भंभोल में शनिवार रात एक युवक ने घर में घुसकर फौजी की पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला अपने पिता की मौत के बाद 7 वर्षीय बेटे के साथ गांव भंभोल में मां के पास रहती थी। उसका पति जम्मू-कश्मीर में फौज में हवलदार के पद पर तैनात है। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया है। हत्या के आरोप महिला के जेठ के बेटे और उसके एक साथी पर लगे हैं। हालांकि पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है। भंभोल निवासी 34 वर्षीय मोनिका की शादी दस साल पहले अंबाला के गांव कलरेड़ी निवासी जसबीर सिंह से हुई थी। जसबीर सेना में तैनात हैं। उसकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है। शनिवार रात को मोनिका अपनी मां व बेटे के साथ कमरे में सोई थी। रात को करीब 11 बजे दो युवकों ने घर में घुसकर चाकू से मोनिका के गर्दन पर कई वार कर हत्या कर दी। शोर सुनकर मां व बेटा जागे तो आरोपी फरार हो गए। डॉक्टरों का कहना है कि गर्दन की नस कटने और अधिक खून निकलने की वजह से मौत हुई है। थाना छप्पर प्रभारी वेदपाल ने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जल्दी आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
