• Tue. Mar 10th, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

Weather : वातावरण में नमी 82 प्रतिशत तक, दिन में भीषण उमस तो अलसुबह सर्दी का अहसास करा रहा मौसम

Weather

  • -दो दिन बाद मानसून की विदाई, इस बार 80 प्रतिशत अधिक बारिश
  • -अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक
  • -न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड, सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा

Weather : फतेहाबाद। पिछले एक सप्ताह से जिले मे उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम खुश्क बना हुआ है। दिन व रात का तापमान लगातार सामान्य से ऊपर चल रहा है। शाम के समय उमस ने आमजन को परेशान कर दिया। वातावरण में नमी की मात्रा 57 प्रतिशत से लेकर 82 प्रतिशत तक रही। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। इन दिनों राते भी उमस भरी है, हलाकि देर रात और अलसुबह ठंडी हवाएं चलती है तो मौसम सुहाना हो जाता है। जिससे सर्दी के आगमन का अहसास होता है। हालात यह हैं कि दिन में भीषण गर्मी से जनजीवन ठप्प हो चला है तो देर रात को ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो जाता है। दिनभर बिजली के कटों ने भी लोगों को परेशान कर रखा है।

23 को होगी मानसून की विदाई

बता दें कि अगले दो दिन यानी 23 सितंबर तक मानसून की विदाई हो जाएगी। इस बार मानसून में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है। जिले में 1 जून से 20 सितंबर तक 516.6 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि इस दौरान सामान्य तौर पर 287.8 एमएम बारिश होती है। इस बार बारिश 80 प्रतिशत अधिक हुई है। सितंबर माह की बात करें तो जिले में अभी तक 138.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य रूप में सितंबर में अभी तक 42.6 एमएम बारिश होनी चाहिए। अगर औसतन बारिश की तुलना करें तो यह 225 प्रतिशत अधिक हुई है।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ ने बताया कि मानसून की वापसी लाइन भठिंडा, फतेहाबाद, पिलानी, अजमेर, दिसा, भुज तक पहुंच गई है। अगले दो-तीन दिनों में हरियाणा के कुछ अन्य क्षेत्रों से भी मानसून की वापसी की संभावना है। 25 सितंबर तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *