• Sat. Jul 12th, 2025

Weather :  हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ में बरसात के साथ गिरे ओले

Byadmin

May 22, 2025

Weather

  • -भीषण गर्मी से मिली कुछ राहत, कई जिलों में तेज आंधी के कारण पेड़ गिरे
  • – दिनभर आसमान से बरसी आग, तापमान 47 डिग्री पर

Weather  : हरियाणा। हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ कई इलाकों में बुधवार को बारिश के साथ ओले गिरे। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी चलने से पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। इसके कारण बिजली गुल हो गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुरुक्षेत्र, मोहाली, नंगल, चडीगढ़ और खन्ना में बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं, सोनीपत, अंबाला, करनाल, कैथल, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश हुई। हिसार, झज्जर, रोहतक, फरीदाबाद, भिवानी, फतेहाबाद, पानीपत और गुरुग्राम में आंधी चली। अंबाला में आंधी के कारण एक बिल्डिंग का हिस्सा गिर गया, तो कैथल और हिसार में सड़क पर पेड़ गिर गए। कैथल के पुंडरी में तेज हवाओं के कारण एक बीएसएनएल का टावर घर के ऊपर गिर गया, जिसके कारण क्षेत्र में बीएसएनएल की सेवाएं बंद हो गई हैं।

सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, पारा 47 डिग्री पर

हरियाणा में बुधवार को गर्मी ने अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया। सिरसा में इस सीजन पहली बार तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में 12 जिलों, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में लू चली। लोग दिनभर घरों में ही दुबके रहे। शाम को गर्मी से कुछ राहत मिली। 24 घंटे में सिरसा के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

7 जिलों के स्कूलों का समय बदला

-हिसार और चरखी दादरी में पहली से 5वीं क्लास तक स्कूलों का टाइम बदला गया है। ये स्कूल अब 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही होगा। अध्यापकों का समय सुबह 7 से दोपहर डेढ़ बजे तक रहेगा।
-सिरसा, फतेहाबाद और रेवाड़ी में पहली से 8वीं कक्षा तक के सभी स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे।
-महेंद्रगढ़ में एक से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल-कॉलेज सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे।

अब तीन दिन और बारिश की संभावना

हरियाणा में 23, 24 और 25 मई को भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 26 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ तेज हवा (गति 40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है।

https://vartahr.com/weather-hailstor…b-and-chandigarh/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *