• Thu. Jan 22nd, 2026

Haryana News - Vartahr

हरियाणा ,करियर, देश विदेश की खबरें

MP : पिकनिक मनाने गए 50 लोगों पर तेंदुए का हमला, वीडियो बनाना पड़ा भारी

हमला करता तेंदुआ कैमरे में कैद।हमला करता तेंदुआ कैमरे में कैद।

MP

  • एएसआई की गर्दन दबोची, युवती की खोपड़ी नोंची
  • कई लोग जख्मी, तीन की हालत गंभीर, दहशत फैली
  • शहडोल में पिकनिक मनाने गए थे, तभी हमला

MP : शहडोल। मध्यप्रदेश के जिले शहडोल में एक तेंदुआ सोहगपुर के खेतौली के शोभा घाट में आ धमका। जहां करीब 50 लोग पिकनिक मना रहे थे। तेंदुए को अचानक देख लोग सहम गए। इस बीच जिस दिशा में तेंदुआ दिखा वहां से उसने अपना मूवमेंट बदला और दूसरी ओर से पिकनिक मनाकर लौट रहे एक ग्रुप के लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए ने एक एएसआई की गर्दन दबोच ली। एक युवती की खोपड़ी का एक हिस्सा नोंच लिया। मामला रविवार शाम खितौली गांव का है। कुछ को तेंदुए के पंजे से चोट आई है तो कुछ भागने में घायल हुए हैं। तीन की हालत गंभीर है। तेंदुए को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। हमले में पुलिस विभाग के एएसआई नितिन समदरिया, शहडोल की पुरानी बस्ती निवासी आकाश कुशवाहा (23) और खतौली गांव की नंदिनी सिंह (25) को गंभीर हाल में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लोगों को लगा कि भीड़ देखकर भाग जाएगा

तेंदुए के हमले से घायल आकाश कुशवाहा ने बताया कि हम लोग करीब 50 लोग पिकनिक मनाने खतौली के शोभाघाट गए थे। जब सभी शाम को वापस अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक तेंदुआ दौड़ता नजर आया। लगा कि तेंदुए इतनी बड़ी संख्या में लोगों देखकर भाग जाएगा। वह कुछ समय के लिए नजरों से ओझल हो भी गया। इसके बाद वह दूसरी ओर से अचानक आया। सबसे पहले मेरे ऊपर अटैक किया। किसी तरह मैं जान बचाकर भागा। इसके बाद एक-एक करके तेंदुए ने कई लोगों पर हमला किया।

वीडियो बनाना पड़ा महंगा

जब तेंदुआ सामने आया, तो कुछ लोग बेखौफ होकर वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान तेंदुआ लोगों पर हमला करने लगा, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। शहडोल थाने में पदस्थ एएसआई नितिन समदरिया भी अपने साथियों के साथ शोभाघाट घूमने गए थे। लोगों को किनारे करते समय तेंदुआ ने पुलिसकर्मी पर भी हमला कर दिया। तेंदुआ ने आकाश की एक जांघ पर दांत गड़ा दिया, फिर दूसरी जांघ में पंजे से हमला किया। हालांकि, उसे ज्यादा चोट नहीं आई। हमले में सबसे ज्यादा चोट नंदिनी को आई है। तेंदुए ने उसके सिर पर इतना तेज हमला किया कि उसकी खोपड़ी की एक तरफ का हिस्सा नोंच लिया।

https://vartahr.com/mp-leopard-attac…-video-difficult/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *