• Mon. Feb 23rd, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

IPL star Vaibhav : हरिद्वार की वेदिका बनेंगी आईपीएल स्टार वैभव की दुल्हन

IPL star Vaibhav

IPL star Vaibhav

  • दो साल पहले हुई दोस्ती, वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में कर रही हैं एमबीए
  • कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बने हैं अंबाला कैंट के तेज गेंदबाज वैभव
  • वेदिका कृपाल ने चंडीगढ़ से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की

अंबाला। आईपीएल के नए सीजन में रिटेन होकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) टीम का हिस्सा बने अंबाला कैंट निवासी तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा जल्द ही अपनी दो साल पुरानी मित्र वेदिका कृपाल के साथ वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं। चंडीगढ़ के एक निजी रेस्त्रां में 11 दिसंबर 2025 को दोनों परिवारों की मौजूदगी में रोका समारोह संपन्न हुआ। हरिद्वार निवासी वेदिका कृपाल ने चंडीगढ़ से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं।

IPL star Vaibhav

जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे अरोड़ा

वैभव अरोड़ा इन दिनों जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे हैं और इसके बाद आईपीएल की तैयारियों में जुटेंगे। वैभव अरोड़ा को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल के आगामी सीजन के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपये में रिटेन किया है। वैभव की माता ममता अरोड़ा व पिता गोपाल कृष्ण अरोड़ा ने बताया कि वैभव और वेदिका दोनों ने चंडीगढ़ से ग्रेजुएशन की है। दोनों की मुलाकात करीब दो वर्ष पहले हुई थी, जो अब रोके तक पहुंची है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शादी की कोई योजना नहीं है और आईपीएल समाप्त होने के बाद अगले वर्ष मई-जून के आसपास विवाह को लेकर विचार किया जाएगा।

इंस्टाग्राम से वेदिका के साथ तस्वीर साझा की

रोके की रस्म के बाद वैभव अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से वेदिका के साथ तस्वीर साझा की, जिसमें वेदिका सूट में और वैभव शेरवानी में नजर आ रहे हैं। तस्वीर साझा होते ही उन्हें बधाइयों का तांता लग गया। बताया जाता है कि वेदिका सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखती हैं और क्रिकेट जगत से उनका कोई प्रत्यक्ष जुड़ाव नहीं है। वेदिका दो बहनों में से एक हैं। वैभव अरोड़ा का जन्म वर्ष 1997 में अंबाला में हुआ था और वह 14 वर्ष की उम्र से क्रिकेट खेल रहे हैं। हालांकि वह घरेलू क्रिकेट हिमाचल प्रदेश की ओर से खेलते हैं। उनके पिता व्यवसायी हैं, माता गृहिणी हैं तथा भाई नमन अरोड़ा भी क्रिकेट खेलता है।

2021 में हुई थी वैभव की आईपीएल में एंट्री

अंबाला कैंट स्थित सनातन धर्म स्कूल के निकट रहने वाले वैभव अरोड़ा पिछले सीजन में भी केकेआर टीम का हिस्सा रहे थे और अपनी शानदार गेंदबाजी से उन्होंने प्रभाव छोड़ा था। दाएं हाथ के तेज-मध्यम गेंदबाज वैभव अरोड़ा गेंद को दोनों दिशाओं में स्विंग कराने और नई गेंद से विकेट लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले भी उन पर भरोसा जताते हुए दो बार 60-60 लाख रुपये में मौका दिया था। बाद में उन्हें रिलीज करने के बाद पिछले वर्ष फिर से 1 करोड़ 80 लाख रुपये में खरीदा गया। वैभव की आईपीएल में पहली एंट्री वर्ष 2021 में हुई थी, जब केकेआर ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *