Doctors
- सीएम सैनी ने नियुक्ति पत्र सौंपे, अधिकारियों से आग्रह, सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें
- डॉक्टरों की कमी पूरा करने के लिए पूरे प्रयास कर रहे
- पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय अभिसंस्करण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की शिरकत
- प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए वर्तमान सरकार ने किए अथक प्रयास
Doctors : चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शनिवार को सीएम नायब सिंह सैनी ने नवचयनित 705 महिला चिकित्सा अधिकारियों सहित कुल 1090 चिकित्सा अफसरों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें स्वास्थ्य विभाग के 561 और आयुष विभाग के 529 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय अभिसंस्करण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारियों से आग्रह किया कि पूरी मेहनत व लग्न के साथ मानवता की सेवा करते हुए स्वस्थ हरियाणा और सशक्त भारत का निर्माण करने में योगदान दें। सभी चिकित्सा अधिकारी प्रदेश के दूर दराज़ क्षेत्र में सेवाएं देकर अपना कर्त्तव्य निभाएं। इस मौके पर उन्होंने सभी चयनित डॉक्टर्स व उनके अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
डॉक्टरों की कमी पूरी होगी
सीएम ने कहा कि आज नियुक्त हुए डॉक्टर्स के सेवा में आने से डॉक्टरों की कमी पूरी होगी। वर्तमान में 777 चिकित्सा अधिकारियों के नियमित पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए सरकार ने अथक प्रयास कर रही है। एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 2185 कर दी हैं, जबकि वर्ष 2014 में केवल 700 सीटें थी। पीजी की सीटें भी 289 से बढ़ाकर 1006 की गई हैं। इससे स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी पूरी होगी।
9 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए
सीएम ने कहा कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए उच्चकोटि के चिकित्सा शिक्षा संस्थान खोलने की जरूरत है। हरियाणा सरकार ने इस दिशा में आगे बढ़ते हुए हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना का लक्ष्य रखा है। अब तक 9 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं, इन्हें मिलाकर प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः का है। इसलिए प्रदेश में किफायती, सुलभ और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2014 से अब तक 2,807 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती की है।