• Fri. Mar 14th, 2025

Delhi Cm : जींद की रेखा ने संभाली दिल्ली की कमान, छह मंत्रियों ने भी शपथ ली

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।

Delhi Cm

  • दिल्ली की नौवीं एवं चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं
  • प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, आशीष सूद, मनजिंदर सिरसा, रविंद्र इंद्राज और पंकज सिंह बने मंत्री
  • दिल्ली में 27 साल के बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हुई
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा शालीमार बाग से विधायक बनीं
  • मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद भाजपा की चौथ सीएम
  • भाजपा शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बनीं
  • आप नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी शपथ में नहीं पहुंचे

Delhi Cm : नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित हरियाणा में जींद के गांव नंदगढ़ निवासी रेखा गुप्ता (50) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की कमान संभाल ली। वे दिल्ली की नौवीं एवं चौथी महिला सीएम बनीं हैं। रेखा से पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री रहीं हैं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ग्रहण की। गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज और पंकज कुमार सिंह ने नई मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।

समारोह में ये रहे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और पवन कल्याण सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह के साक्षी बने। रामलीला मैदान में कई गणमान्य हस्तियां और बड़ी संख्या में आम लोग भी उपस्थित थे।

भाजपा ने 48 सीटें जीती

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीट पर कब्जा कर जीत हासिल की और आम आदमी पार्टी (आप) के एक दशक लंबे शासन का अंत किया था। दिल्ली विधानसभा के लिए पांच फरवरी को चुनाव हुए थे और मतगणना आठ फरवरी को हुई थी।

मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी : रेखा

शपथ से पहले रेखा ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।’ दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को भाजपा ने शीशमहल नाम दिया था। अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपये खर्च किए थे। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।

महिलाओं को 2,500 रुपये आठ मार्च तक मिलेंगे

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करने के अपने चुनावी वादे को पूरा करेगी। मासिक सहायता की पहली किस्त आठ मार्च तक पात्र महिलाओं के खातों में जमा कर दी जाएगी। गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

पीएम मोदी ने रेखा को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह जमीनी स्तर से उठी हैं, कैंपस राजनीति से लेकर राज्य संगठन और नगरपालिका प्रशासन में सक्रिय रहने के बाद अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री बनी हैं।’ ‘मुझे विश्वास है कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उपयोगी कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।’ प्रधानमंत्री ने मंत्री पद की शपथ लेने पर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को भी बधाई। उन्होंने कहा, ‘इस टीम में जोश और अनुभव का खूबसूरत मिश्रण है और निश्चित रूप से यह दिल्ली में सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *