Weather
- प्रदेश के कई जिलाें में गाड़ियां टूटी, पेड़-पोल गिरे, छप्पर उड़े, ब्लैकआउट रहा
- तापमान में 5 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज, भीषण गर्मी से मिली राहत
- मौसम विभाग का दावा, नौतपा में भीषण गर्मी के आसार नहीं
- आज भी कई जिलों में बूंदाबांदी की संभावना
Weather : हरियाणा। प्रदेश में बुधवार शाम से रात तक चली भीषण आंधी, बारिश और ओले गिरने से भारी नुकसान पहुंचा है। इसके बाद गुरुवार को मौसम साफ हुआ तो तबाही का मंजर देखने को मिला। 7 जिलों में आंधी आई और 2 जिलों में ओले गिरे हैं, जबकि, 7 जिलों में तेज बारिश भी हुई। बूंदाबांदी के बाद मौसम का मिजाज कुछ ठंडा पड़ गया। तापमान में 5 डिग्री से अधिक की गिरावट आने से भारी गर्मी व गर्म हवाओं से कुछ हद तक राहत मिल गई। आंधी के बाद कई गांवों में पेड़ व बिजली के पोल गिर गए, जिससे दो दर्जन से अधिक गांवों में लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। 2 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं।पानीपत में आई आधी में बड़ी संख्या में पेड़ और बिजली के खंभे गिरे हैं, जिससे देर रात तक कई इलाकों की बिजली गुल रही। एक खंभा कार पर गिरा, जिससे कार टूट गई। वहीं, जीटी रोड पर टोल प्लाजा की छत उड़ गई। कच्चा कैंप में एक्टिवा पर जृद्धा और उसके दोहते पर ग्रिल गिर गई। इससे वृद्धा की मौत हो गई, जबकि दोहता घायल है। एक महिला समेत 5 अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
इन जिलों में नुकसान
बुधवार देर शाम फरीदाबाद, सोनीपत, अंबाला, करनाल, कैथल, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश हुई। जबकि, करनाल और कुरुक्षेत्र में ओले भी गिरे। वहीं, हिसार, झज्जर, भिवानी, नूंह, फतेहाबाद, पानीपत और गुरुग्राम में आंधी चली। इससे जगह-जगह नुकसान हुआ है।
कई जिलों में बिजली गुल
तेज आंधी के कारण कई जिलों में ब्लैकआउट हो गया। लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। आंधी बंद होने के बाद बिजली निगम ने फीडरों को बारी-बारी से चालू करना शुरू किया। इसके बावजूद 10 से ज्यादा फीडर फॉल्ट के चलते रात भर नहीं चल पाए। गुरुवार को सुबह बिजली आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू हो सकी। आंधी इतनी तेज रफ्तार से आई कि वाहन चालकों ने अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े कर दिए। उन्हें तेज आंधी के कारण पेड़ टूटकर गिरने की आशंका थी।
नौतपा में भारी गर्मी के आसार नहीं
नौतपा इस बार 25 मई को सुबह 3.27 बजे से शुरू हो जाएगा। नौतपा में भारी गर्मी पड़ने की संभावना जताई जाती है। बीते साल नौतपा के दिनों में कई बार बारिश हुई थी। इस बार गत 8 दिनों से तापमान 45 डिग्री के आसपास चल रहा था। नौतपा शुरू होने के तीन दिन पहले वीरवार को अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 40.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी 3.5 डिग्री की कमी के साथ 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अभी और लुढ़क सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिल सकता है। 23 मई को भी बादलों के बीच कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। लगभग एक सप्ताह तक मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है, जिससे नौतपा के दिनों में तापमान अपेक्षाकृत कम रह सकता है। ज्योतिष के अनुसार नौतपा के दिनों में भारी गर्मी नहीं पड़ना मानसून के दिनों में कम बरसात या सूखे का कारण बन सकता है।