Haryana
- -नगर पालिका पर फैसला नहीं
- – भाजपा हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया ने की पुष्टि
- – नगर निगमों को लेकर अलग-अलग संकल्प पत्र निकालेंगे
- – कोर कमेटी की बैठक में किया मंथन
- – निकाय चुनाव के बाद जिला अध्यक्ष के चुनाव होंगे
Haryana : चंडीगढ़। नगर निकाय चुनाव और संगठनात्मक विषयों को लेकर बुधवार को पंचकूला पार्टी कार्यालय ‘पंचकमल’ में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई। इस बैठक में प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की रणनीति और संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में सहमति बनी की कि भाजपा नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। हालांकि नगर पालिका चुनाव सिंबल पर लड़ा जाएगा या नहीं इस पर फैसला नहीं हुआ है।
कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सांसद सुभाष बराला, मंत्री कृष्ण बेदी, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता रामबिलास शर्मा, सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता मौजूद रहे।
दो बैठकें हुई
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। मेयर और चेयरमैनों के चुनाव सीधे होने हैं। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से आवेदन मांगे गए हैं। बुधवार को स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर दो बैठकें हुई हैं। सीएम आवास पर हुई पहली बैठक में सभी विधायक, जिला अध्यक्ष, चुनाव लड़े हुए प्रत्याशी, मंत्री और जिला प्रभारी और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
नामांकन के लिए कमेटी बनाई
सैनी ने कहा कि 11 फरवरी से नामांकन शुरू होने हैं, इसलिए एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है। यह कमेटी जिन-जिन जिलों में चुनाव हैं वहां जाकर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम लेगी। इन नामों पर प्रदेश की कोर कमेटी की बैठक में विचार किया जाएगा। कोर ग्रुप की बैठक में चुनाव प्रचार, प्रसार, संकल्प पत्र बनाने पर चर्चा हुई है। जल्द ही जिलों की कमेटी, चुनाव संकल्प समिति, चुनाव संचालन समिति और अन्य समितियों का गठन कर लिया जाएगा। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से आवेदन मांगे जाएंगे जिस पर चुनाव संचालन समिति निर्णय लेगी।
भाजपा की जीत तय : डा. सतीश पूनिया
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय है। भाजपा नगर निगम और नगर परिषद चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। नगर पालिका चुनाव सिंबल पर लड़ा जाए या नहीं इस पर विचार किया जा रहा है। भाजपा नगर निगमों को लेकर अलग-अलग संकल्प पत्र जारी करेगी।
https://vartahr.com/haryana-bjp-will…ons-on-symbol-cm/